द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के गांवा प्रखंड के नीमाडीह गांव में प्रेम प्रसंग ने ऐसी करवट ली कि दो महिलाओं की जान चली गई। सोमवार को गांव के लोगों ने जंगल से दोनों महिलाओं का शव बरामद किया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान नीमाडीह निवासी सोनी देवी और उसकी सहेली रिंकू देवी के रूप में हुई है। सोनी देवी की ज़िंदगी पहले से ही उलझनों से भरी रही। उसकी दो शादियां हुई थीं, पहला पति उसे छोड़ कर चला गया और दूसरा पति फिलहाल हत्या मामले में जेल में बंद है। इस बीच सोनी देवी का गांव के ही श्रीकांत नामक युवक से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार, श्रीकांत अक्सर सोनी देवी को जंगल घुमाने ले जाया करता था। इस दौरान उसकी सहेली रिंकू देवी भी साथ जाती थी। लेकिन 4 सितंबर को दोनों अचानक लापता हो गईं। परिजनों ने चार दिनों तक पुलिस से गुहार लगाई और खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार सोमवार को ग्रामीणों ने जंगल में दोनों का शव बरामद किया। दोनों की गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने तफ्तीश तेज की और जल्द ही आरोपी श्रीकांत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में श्रीकांत ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि शक की बुनियाद पर उसने पहले सोनी देवी का गला दबा दिया। वहीं, घटना का राज़ बाहर न आए, इसके लिए उसने रिंकू देवी की भी हत्या कर दी।
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "प्रेम प्रसंग से उपजे शक ने यह भयावह रूप ले लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।" गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है। लोग अब भी विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि एक प्रेम कहानी इतनी दर्दनाक परिणति तक पहुंच सकती है।
.jpeg)