मधुबन:
झारखंड स्थित सम्मेद शिखर पारसनाथ पहाड़ी (Sammed Shikhar Parasnath Hill) का विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब आदिवासी पहाड़ को अपना बता रहे हैं। इसी के तहत वह पारसनाथ बचाओ आंदोलन (save parasnath movement) कर रहे हैं। इसे लेकर मंगलवार यानी आज मधुबन में आदिवासियों का महाजुटान होगा। इस आदोलन का मोर्चा झामुमो के वरिष्ठ विधायक लोबिन हेंब्रम संभाला है।यहां से आदिवासी मूलवासी पारसनाथ पर्वत में मारांग बुरु (marang buru) की रक्षा के लिए आंदोलन का शंखनाद करेंगे। इस आदोलन में पांच राज्यों से आदिवासी पहुंच रहे हैं। आदिवासी के इस महाजुटान को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। हर चौक-चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

10 जनवरी को देशभर के आदिवासियों से जुटने की अपील
आदिवासी समाज के लोग पारसनाथ पहाड़ी मरांग बुरु आंदोलन का शंखनाद कर रहे हैं। इसके देखते हुए मधुबन बाजार सहित आसपास के इलाकों में एसएसपी हरीश बिन जमां के पुलिस बल के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। इससे पहले पिछले कुछ दिनों से कई गांवों में आदिवासी अपने धरोहर को बचाने का काम कर रहे थे। इसके लिए 10 जनवरी को देशभर के आदिवासियों से जुटने की अपील की है। खास बात यह है कि इस संगठन की अगुवाई झामुमो के वरिष्ठ विधायक लोबिन हेंब्रम कर रहे हैं।
लोबिन हेंब्रम ने सरकार से की ये मांग
बोरियो विधायक लोबिन हेंब्रम ने सरकार से 25 जनवरी तक पारसनाथ पर्वत को मरांगबुरू स्थल घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि 25 जनवरी तक घोषणा नहीं करती है, तो 30 जनवरी से उलिहातू में बिरसा भगवान की जन्मस्थली में अनशन पर बैठेंगे।
विशाल आमसभा का भी होगा आयोजन
पहाड़ी के आसपास रहने वाले लगभग 50 गांव के लोगों ने कहा है इसकी तराई में वह पीढ़ियों से रहते आए हैं। इस पर किसी खास समुदाय का अधिकार नहीं हो सकता। आदिवासी के महाजुटान में विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सभा के बाद एक भव्य जुलूस निकालने की भी तैयारी है। इस महाजुटान कार्यक्रम में झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम,झारखंड खतियान भाषा संघर्ष समिति के जयराम महतो और झारखंड,उड़ीसा के कई नेता शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग मधुबन पहुंचे हैं।

हर मोड़ पर मजिस्ट्रेट की तैनाती
इस महाजुटान को लेकर प्रशासन पूरी अलर्ट है। हर मोड़, चौक-चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। मधुबन मोड़ में इंद्रजीत महतो, बिरनगड़ा मोड़ में राकेश कुमार, फॉरेस्ट बैरियर के पास अमित कुमार सिन्हा, कालीकुंड मंदिर के पास मंजर हुसैन, पारसनाथ मंदिर के पास मनवर अंसारी, थाना गेट के पास अजीत कु- मार चौधरी, तलहटी प्रवेश द्वार पर रामनरेश सिंह, पानी टंकी पार्किंग स्थल के पास सिमोन हांसदा, फुटबॉल मैदान पार्किंग स्थल के पास सौगत मंडल, भिरंगी मोड़ के पास महादेव प्रसाद, हनुमान मंदिर बैरियर के पास नवल किशोर प्रसाद, सत्कार भवन के पास नौशाद अली और जल मंदिर के पास राजूसाह को दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।