logo

धोनी के खिलाफ दोस्त ने किया मानहानि का मुकदमा, 15 करोड़ की खातिर आई दरार

a1414.jpeg

द फॉलोअप स्पोर्ट्स न्यूज:

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ कभी उनके करीबी दोस्त और बिजनेस पार्टनर रहे मिहिर दिवाकर ने मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मिहिर दिवाकर और उनकी पत्नी सौम्या दास ने धोनी के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा किया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महेंद्र सिंह धोनी की तरफ से मिहिर दिवाकर और सौम्या दास के खिलाफ रांची सिविल कोर्ट में क्रिमिनल केस किया था। धोनी की ओर से आरोप लगाया गया था कि मिहिर दिवाकर ने उनको 15 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान कराया है। 

मिहिर दिवाकर और सौम्या दास ने क्या मांग की है
मिहिर दिवाकर और सौम्या दास ने 2017 में उनके और धोनी के बीच हुए कॉन्ट्रैक्ट के कथित उल्लंघन पर धोनी की तरफ से उनके खिलाफ लगे मानहानिकारक आरोप लगाने से रोकने का निर्देश जारी करने की मांग की है। गौरतलब है कि धोनी ने अपने दोस्त और पुराने बिजनेस पार्टनर के खिलाफ रांची सिविल कोर्ट में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। धोनी द्वारा की गई शिकायत में कहा गया था कि मिहिर दिवाकर ने पार्टनरशिप में क्रिकेट एकेडमी खोलने का प्रस्ताव दिया था। 2017 में उनके बीच विश्व के अलग-अलग देशों में क्रिकेट एकेडमी खोलने का कॉन्ट्रैक्ट हुआ। कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक धोनी को फ्रेंचाइजी शुल्क और प्रॉफिट का हिस्सा मिलना चाहिए था लेकिन आरोप है कि यह नहीं दिया गया। धोनी द्वारा दी गई शिकायत में यह भी कहा गया कि धोनी ने मिहिर दिवाकर को लीगल नोटिस भी भेजा लेकिन उसका समुचित जवाब नहीं दिया गया। 

मिहिर दिवाकर ने धोनी के आरोपों पर दिया था जवाब
बता दें कि धोनी द्वारा रांची सिविल कोर्ट में शिकायत दर्ज कराने के बाद मिहिर दिवाकर ने अपना पक्ष रखा था। उन्होंने इसे बदनाम करने की साजिश बताया और कहा कि धोनी के लीगल नोटिस का उन्होंने समुचित जवाब दिया और उनका धोनी के पास रकम बकाया है। 

धोनी और मिहिर दिवाकर की कंपनी के बीच हुआ था कॉन्ट्रैक्ट
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में एमएम धोनी और मिहिर दिवाकर एवं सौम्या दास की स्वामित्व वाली कंपनी अरका स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी के बीच कॉन्ट्रैक्ट हुआ था। इसके तहत भारत सहित विश्वभर में क्रिकेट एकेडमी की स्थापना की जाने वाली थी। धोनी की तरफ से लिखित शिकायत दर्ज कराकर यह8 आरोप लगाया कि मिहिर दिवाकर ने  अअनुबंध की र्तों का उल्लंघन किया। धोनी ने कॉन्ट्रैक्ट वापस ले लिया। बावजूद इसके दिवाकर धोनी के नाम का इस्तेमाल करते रहे। 18 जनवरी को जस्टिस प्रतिभा एम सिंह की अदालत में मामले की सुनवाई होगी। मिहिर दिवाकर और सौम्या दास का तर्क है कि उनके खिलाफ शिकायत को लेकर धोनी के वकील दयानंद शर्मा ने 6 जनवरी 2024 को प्रेस कांफ्रेंस किया और उनकी छवि धूमिल की। 

रांची के जेएससीए स्टेडियम में तैयारी कर रहे हैं धोनी
बता दें कि 15 अगस्त 2020 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों केवल आईपीएल खेलते हैं। धोनी फिलहाल रांची में हैं और इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन की तैयारियों में जुटे हैं। धोनी, चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते नजर आएंगे। धोनी आईपीएल की तैयारियों लिए जेएससीए स्टेडियम के जिम में जमकर पसीना बहा रहे हैं। धोनी विश्व क्रिकेट के सबसे सफलतम कप्तानों में शुमार किए जाते हैं। उन्होंने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतीी है। आईसीसी की तीनों ट्रॉफियां जीतने वाले धोनी इकलौते कप्तान हैं। धोनी के नाम 5 आईपीएल खिताब भी हैं। धोनी इन दिनों रांची में हैं और रविवार को उन्होंने प्रदर्शनी टेनिस मैच में हिस्सा लिया था।