जामताड़ा
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना के तहत भुगतान में देरी के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं जामताड़ा प्रखंड और अंचल कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि योजना की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई, लेकिन अब भी कई महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिला है।
लाभुकों का कहना है कि उन्हें पहले सूचना दी गई थी कि उनके बैंक खातों में पैसे आ चुके हैं, लेकिन जब वे बैंक पहुंचीं तो पता चला कि खाते में कोई राशि नहीं आई। इससे नाराज महिलाएं कभी बैंक तो कभी प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हो गईं।
जब परेशान महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से जवाब मांगा, तो वहां भी उन्हें कोई ठोस समाधान नहीं मिला। प्रशासन का कहना है कि जिन महिलाओं के बैंक खाते डीबीटी से लिंक नहीं हैं, उनके खाते में राशि ट्रांसफर नहीं हुई है। ऐसे लाभुकों को जल्द से जल्द अपने बैंक में जाकर डीबीटी से लिंक करने की सलाह दी गई है।
महिलाओं ने इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी लाने की मांग की है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि इस समस्या को शीघ्र हल किया जाए, ताकि सभी योग्य लाभुकों को समय पर उनका हक मिल सके। प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कब तक यह अव्यवस्था बनी रहेगी और जिनके खाते डीबीटी से लिंक नहीं हैं, वे इस योजना का लाभ कब तक पा सकेंगे?