logo

हजारीबाग में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिना नंबर-रजिस्ट्रेशन वाले 100 से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा जब्त

hzb_vaahan_jabt.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग शहर में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए आज परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। बिना रजिस्ट्रेशन और बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे ऑटो और ई-रिक्शा को जब्त किया गया। संख्या की बात करें तो 100 से अधिक वाहनों को जब्त कर कंट्रोल रूम में रखा गया है। वाहन चालकों से संबंधित कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है। अगर वे कागजात नहीं दिखा पाते हैं, तो उन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
ट्रैफिक थाना प्रभारी सरवन कुमार ने जानकारी दी कि कई दिनों से शहर में ट्रैफिक की समस्या बनी हुई थी और लगातार शिकायत मिल रही थी कि बड़ी संख्या में बिना नंबर वाले ई-रिक्शा और ऑटो चल रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर आज यह कार्रवाई की गई है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि जिन गाड़ियों में 30 से 40% से ज्यादा विज़िबिलिटी रोकने वाली काली फिल्म लगी हुई है, उन पर भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ब्लैक फिल्म न लगाएं, यह नियमों के खिलाफ है।
उन्होंने आगे बताया कि ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष को यह निर्देश दिया गया है कि सभी ऑटो चालकों को रांची की तर्ज पर ड्रेस कोड में वाहन चलाना होगा। यही नियम ई-रिक्शा चालकों पर भी लागू होगा। उन्होंने यह भी बताया कि ई-रिक्शा चालक अक्सर अधिक सवारियां मिलने की उम्मीद में एक ही जगह एक साथ पहुंच जाते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसे देखते हुए जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है। ट्रैफिक थाना प्रभारी सरवन कुमार ने साफ कर दिया है कि अब शहर में बिना रजिस्ट्रेशन और बिना नंबर प्लेट और सभी जरूरी कागजातों के बिना ऑटो और ई रिक्शा अगर चलते हुए दिखाई देंगे तो उन पर नियम संगत जुर्माना लगाया जाएगा।



 

Tags - latest jharkhand News hazaribagh traffic news traffic police hazaribagh hazaribagh traffic police News traffic police News updates Auto E rikshaw in hazaribagh latest jharkhand News jharkhand News Updates jharkhand News updates