डेस्क:
68वीं BPSC PT परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव (Change in examination Pattern) किया गया है। अब परीक्षा में अभ्यर्थियों को तुक्का मारना महंगा पड़ेगा। आयोग ने निगेटिव मार्किंग के प्रावधान को लागू (provision of negative marking) कर दिया है। अब पीटी के सभी 150 प्रश्नों पर निगेटिव मार्किंग होगा। एक गलत ऊतर पर आपके 0.25 प्रतिशत अंक कटेंगे। यानी 4 प्रश्नों के गलत उत्तर देने पर एक अंक कटेंगे। इसके साथ ही लिखित परीक्षा के पैटर्न में भी बदलाव किया गया है।लिखित परीक्षा में वैकल्पिक विषय का महत्व कम हो गया है। वैकल्पिक की जगह निबंध की परीक्षा 300 अंकों की होगी। वैकल्पिक विषय के 100 अंकों के बहुवैकल्पिक प्रश्न होंगे। परीक्षा पैटर्न में इस बदलाव के संबंध में बीपीएससी के सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने मंगलवार को सूचना जारी कर दी।

सामान्य हिन्दी में 30 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य
सामान्य हिन्दी में 30 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा, लेकिन मेरिट लिस्ट में इसकी गणना नहीं की जाएगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को एक वैकल्पिक विषय चुनना होगा। वैकल्पिक विषय में सामान्य वर्ग के लिए 40 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 प्रतिशत, एससी, एसटी, महिलाओं और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 32 प्रतिशत न्यूनतम अंक लाना अनिवार्य होगा। मेरिट लिस्ट में वैकल्पिक विषय के प्राप्तांक की गणना नहीं होगी। सामान्य अध्ययन 1, सामान्य अध्ययन 2 और निबंध में प्राप्त अंकों के आधार पर ही मुख्य परीक्षा की मेरिट सूची तैयारी की जाएगी। मेन्स में वैकल्पिक विषय के स्केलिंग की समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए मत के आधार पर आयोग ने प्रतियोगिता परीक्षा पैटर्न में संशोधन किया है।

30 दिसंबर तक करें 68वीं BPSC PT का आवेदन
68वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का आवेदन करने वाले इच्छुक छात्र जिन्हों ने किसी कारणवश आवेदन नहीं किया है। उनके लिए एक अच्छी खबर है। आयोग ने आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 30 दिसंबर तक कर दिया है। पहले यह 20 दिसंबर तक ही था। भुगतान करने और आवेदन सबमिशन के बाद भी अभ्यर्थी अपने द्वारा की गयी प्रविष्टि को फिर से संपादित कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन भरने की अंतिम तिथि के बाद 10 दिनों का समय दिया जायेगा और 10 जनवरी तक आवेदन एडिट कर सकेंगे।