धनबाद
धनबाद में जनहित में बड़ा फैसला लिया गया है। वाटर कनेक्शन के लिए अब 10000 नहीं, सिर्फ 5000 रुपये देना होगा। झरिया विधायक रागिनी सिंह के प्रयास से जल कनेक्शन की सुरक्षा राशि 10,000 से घटाकर 5,000 कर दी गई है। इस निर्णय से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से जल कनेक्शन की अधिक सुरक्षा राशि आम लोगों के लिए बाधा बनी हुई थी, जिसके कारण कई जरूरतमंद परिवार जल सुविधा से वंचित रह जाते थे। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक रागिनी सिंह ने पहल की, जिसके बाद यह राहत भरा निर्णय संभव हो सका।

क्या कहा विधायक ने
इस संबंध में विधायक रागिनी सिंह ने कहा, “जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। जल जैसी आवश्यक सुविधा हर घर तक पहुंचे, इसके लिए बाधाओं को कम करना जरूरी था। यह निर्णय गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत देने की दिशा में एक सार्थक कदम है।”
स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे जनहित में बड़ा निर्णय बताया है। अब अधिक से अधिक लोग आसानी से जल कनेक्शन ले सकेंगे, जिससे क्षेत्र में जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद है।
