नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने प्रतिबंधित लॉटरी कारोबार से जुड़ी बड़ी कार्रवाई की। विशेष टीम ने छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी की खेप बरामद की गई। गिरफ्तार युवक की पहचान अलिउल शेख (24), पिता असराफुल शेख, निवासी झिकरहटी, थाना पाकुड़ (मु०), जिला पाकुड़ के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने अलिउल के पास से 304 बंडल (कुल 15,200 पीस) प्रतिबंधित लॉटरी जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक ग्लेमर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस मामले में मालपहाड़ी ओपी में कांड संख्या 251/2025, दिनांक 15.09.2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध लॉटरी लेकर मोटरसाइकिल से उसे ठिकाने लगाने जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया। जब दोनों युवक मोटरसाइकिल से आते दिखे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। छापेमारी दल में ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, एएसआई संजय कुमार, एएसआई भूदेव कुमार और आरक्षी जानकी प्रसाद शामिल थे।
