हजारीबाग:
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित जीटी रोड की दनुआ घाटी में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। महानेटांड कट के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बनारस जा रहे यात्रियों से भरी सवारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। इनमें चार की स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और करीब तीन घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

शव का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे थे यात्री
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी में सवार सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बिहारो और सलैया गांव के रहने वाले थे। करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी के महानेटांड कट के समीप वाहन के ऊपर रखा शव का रस्सी ढीला हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यात्रियों ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर रस्सी ठीक करना शुरू किया था। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कोयला लदा ट्रक भी पलटा
टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी में बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल राहत और बचाव कार्य में जुट गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत-बचाव अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां घायलों के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। सीमित चिकित्सा संसाधनों और चिकित्सकीय व्यवस्था के कारण घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया। चार घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण एंबुलेंस की कमी भी सामने आई। आपदा मित्र और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पर्याप्त वाहनों के अभाव में राहत कार्य में परेशानी हुई। करीब तीन घंटे तक चौपारण में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बिहारो और सलैया गांव में पसरा मातम
हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही गिरिडीह जिले के बिहारो और सलैया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। एक साथ पांच लोगों की मौत से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। घटनास्थल पर पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों में चार की स्थिति गंभीर है, जिन्हें हजारीबाग भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे ने एक बार फिर दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।