पलामू:
पलामू डिवीजन जोन में तेंदुआ लगातार बच्चों को अपना निशाना बना रहा है। तेंदुए का आतंक इलाके में लगातार जारी है। एक बार फिर आदमखोर तेंदुए ने एक बच्चे की जान ले ली है। बच्चे का नाम हरेंद्र घांसी है। वह 13 साल का था। मिली जानकारी के अनुसार बच्चा अपने दोस्तों के साथ घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान झाड़ी में छुपे आदमखोर ने उसपर हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी है। लोगों में काफी दहशत भी है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। पलामू प्रखंड में तेंदुए ने अब तक 4 बच्चों की जान ले ली है।

घर लौट रहा था बच्चा
घटना गढ़वा के रामकंडा भंडरिया इलाके की है। बुधवार शाम कुशवार का रहने वाला हरेंद्र अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान झाड़ी में छिपे तेंदुए ने उनपर हमला कर दिया। इस हमले में तेंदुए ने हरेंद्र को दबोच लिया। जबकि किसी तरीके से उसके दोस्त तेंदुए के पकड़ से निकलने में कामयाब हो गए। तेंदुए के हमले के बाद बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया जिसके स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों की भीड़ देखकर तेंदुआ हरेंद्र की शव को छोड़ कर भाग गया।

क्या कह रही है वन विभाग की टीम
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग के सारे प्रयास विफल साबित हुए हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब इलाके में तेंदुए के खिलाफ कार्रवाई के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। कुछ दिनों पहले तेंदुए को आदमखोर घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। आदमखोर घोषित होने के बाद वन विभाग तेंदुए को मारने का प्रयास करेगा। फिलहाल गढ़वा में तेंदुए के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।