द फॉलोअप डेस्क
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने रामगढ़ उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार सुनिता चौधरी की शानदार जीत पर विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही इस फैसले को राज्य में कुशासन और छल प्रपंच से चल रही सरकार के खिलाफ बताया है। रामगढ़ उपचुनाव की कमान संभाल रहे पार्टी प्रमुख ने जीत पर पहली प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा, "ये जनादेश प्रत्यक्ष तौर पर झूठ की बुनियाद पर चल रही सरकार की नीति, निर्णय और मंशा के खिलाफ है। उपचुनाव का नतीजा 2024 में होने वाले आम चुनाव और विधानसभा चुनाव को भी प्रभावित करेगा।"

भाजपा का आभार प्रकट किया
उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भले ही कांग्रेस का उम्मीदवार था पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लड़ रहे थे। जाहिर है सत्ता को चुनौती देना आसान नहीं था। चुनाव में सत्तारूढ़ दलों ने भावनात्मक लहर पैदा करने की कोशिशें की और झूठ परोसते रहे। जबकि आजसू रामगढ़ और राज्य के हितों की बात करती रही। पूरे उपचुनाव में प्रचार से लेकर रणनीति पर खुले दिल से भाजपा का साथ मिलने पर भी आभार प्रकट किया है। उन्होंने यह भी कहा कि आजसू के कार्यकर्ताओं और खासकर चूल्हा प्रमुखों ने जवाबदेह राजनीति और निचले स्तर पर घर-घर जनता से सीधे जुड़ाव के डिजाइन/फार्मूले पर काम कर इस उपचुनाव के जरिए हेमंत सोरेन सरकार को करारा जवाब दिया है।