logo

झारखंड के सभी जिलों में शहीद आंदोलनकारी निर्मल महतो का जनमोत्सव मनाया जायेगा: आजसू

ajsu.jpeg

रांची

आजसू पार्टी की ओर से झारखंड के सभी जिलों में शहीद आंदोलनकारी निर्मल का जनमोत्सव मनाया जायेगा। इसकी जानकारी आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने दी है। भगत ने कहा कि आजसू के संस्थापक और प्रेरणास्रोत शहीद आंदोलनकारी निर्मल महतो के 73वें जन्मोत्सव को पूरे राज्य में भव्य तरीके से मनाया जाएगा। भगत ने बताया कि झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रणेता निर्मल महतो का नाम झारखंड के वजूद से जुड़ा है। निर्मल महतो नहीं होते, तो अलग राज्य की लड़ाई को वो गति नहीं मिलती, जिससे अंतत: लड़ाई सफलता के अंजाम तक पहुंच सकी।  

गांव स्तर पर होगा सभा का आयोजन 


कहा कि आज भी निर्मल महतो की सोच और आदर्श पार्टी को ऊर्जा प्रदान करते हैं। उनकी 73वीं जयंती पर आजसू पार्टी राज्य के सभी गांवों, पंचायतों, प्रखंडों, विधानसभा क्षेत्रों और जिलों में सभा का आयोजन करेगी। इस दौरान निर्मल महतो की सोच को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा। इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी गयी है। पार्टी के कार्यकर्ता इस काम में उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। 

कौन थे आंदोलनकारी निर्मल महतो 

गौरतलब है कि सूदखोरों के खिलाफ आंदोलन चलाने वाले आंदोलनकारी निर्मल महतो ने झारखंड अलग राज्य के लिए चलाये गये आंदोलन में भी अहम भूमिका निभाई थी। जेएमएम के संस्थापक शिबू सोरेन इनके आक्रामक छवि से प्रभावित थे। निर्मल महतो ने उस समय के झारखंड के सबसे बड़े छात्र संगठन ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) की नींव डाली। शिबू सोरेन ने इनकी राजनीतिक समझ को देखते हुए 1980 में जेएमएम में शामिल किया था। 8 अगस्त 1987 को उनकी हत्या गोली मारकर जमशेदपुर के बिष्टुपुर में कर दी गयी थी। 


महतो की प्रतिमा का होगा अनावरण 
भगत ने कहा कि 25 दिसंबर को शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा का अनावरण पूर्व मंत्री रामचन्द्र सहिस के हाथों होगा। प्रतिमा का अनावरण जुगसलाई विधानसभा अंतर्गत बोड़ाम प्रखंड के मुकरुडीह-हलुदबनी मोड़ पर किया जाएगा। इस मौके पर जुगसलाई में अलग से एक कार्यक्रम किया जायेगा। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गयी है।