रांची:
झारखंड में अब मैट्रिक और इंटर की परीक्षा एक टर्म में (Matriculation and Inter exam in one term) होगी। इसके लिए राज्य के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो (Jagannath Mahto) ने आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि 2023 में राज्य में कक्षा 8वीं, 9वीं, 11वीं, मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं एक ही टर्म में ली जाएंगी। मैट्रिक और इंटर की परीक्षा OMR शीट एवं उत्तर पुस्तिका दोनों माध्यम से होगी जबकि 8वीं, 9वीं, 11वीं की परीक्षा केवल OMR शीट के माध्यम से ही आयोजित होगी। शिक्षा मंत्री ने यह आदेश गुरुवार देर रात जारी किया है। बता दें कि कोविड के दौरान विशेष परिस्थिति (special situation during covid) में दो टर्म में परीक्षा लेने का प्रावधान किया गया था, अब दो टर्म में परीक्षा लेने का कोई औचित्य नहीं है। अब परीक्षा एक टर्म में मार्च में ही ली जायेगी।

2021 में लिया गया था निर्णय
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 2021 में निर्णय लिया था कि राज्य में 8वीं से 12वीं तक की परीक्षाएं सीबीएसई की तर्ज पर 2 टर्म में ली जाएगी लेकिन 2021 में यह परीक्षा नहीं हो पाई थी। दोनों टर्म की परीक्षाएं 2022 में एक साथ ली गई। आठवीं से 12वीं तक की परीक्षा दो टर्म में लेने का फैसला इस दावे के साथ हुआ था कि इससे परीक्षार्थियों पर सिलेबस का बोझ बहुत कम होगा। एक टर्म में बच्चे कम सिलेबस में आसानी से परीक्षा दे पाएंगे।

कोरोना की वजह से लिया गया था फैसला
उल्लेखनीय है कि सीबीएसई ने दो टर्म में परीक्षा नहीं लेने का फैसला इसलिए किया था क्योंकि, 2020 में कोरोना की वजह से परीक्षा सही तरीके से नहीं हो पाई थी। बाद में जब कोरोना की स्थिति पर काबू पाई गई तब सीबीएसई ने दो टर्म में परीक्षा लेने के मॉडल को वापस ले लिया था। इसी को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने यह आदेश जारी किया है।