रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) आज सीएम आवास पर UPA विधायकों के साथ बैठक करेंगे। विधानसभा के शीतकालीन सत्र (winter session of the assembly) के 1 दिन पहले मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को अपने आवास पर बुलाया है। यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर 3 बजे से होगी। इसमें शीतकालीन सत्र में सरकार की रणनीति पर चर्चा होगी। विधानसभा में विपक्ष के सवालों के जवाब कैसे दिया जाए,सरकार का पक्ष किस तरह से रखा जाए इन सभी विषय पर चर्चा होगी।

BJP विधायकों की भी बैठक आज
शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विधानसभा सत्र की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की थी। इस बैठक में मुख्य विपक्षी दल भाजपा शामिल नहीं हुई थी। बता दें कि बीजेपी ने भी रविवार यानि आज अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। शाम 4 बजे से बैठक होगी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए रणनीति बनाई जाएगी।

विधानसभा का शीतकालीन सत्र हंगामेदार होने की पूरी उम्मीद
19 दिसंबर से विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। इससे पहले हेमंत सोरेन की सरकार ने 1932 के खतियान और OBC आरक्षण का बिल पास करने के लिए विशेष सत्र बुलाया था। हेमंत सोरेन ने इसे ऐतिहासिक दिन करार दिया था और जब JSSC नियुक्ति नियमावली को झारखंड हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है तो बीजेपी सरकार पर लगातार हमलावर है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि इस बार विधानसभा का शीतकालीन सत्र हंगामेदार हो सकता है।