logo

पहाड़िया समाज ने भरी हुंकार, भाषा से सत्ता में भागीदारी तक चाहिए पूरा अधिकार; रखीं 10 सूत्री मांगें

पहाड़िया समाज ने भरी हुंकार, भाषा से सत्ता में भागीदारी तक चाहिए पूरा अधिकार; रखीं 10 सूत्री मांगें

पाकुड़: 

अपनी भाषा, जमीन, पहचान और राजनीतिक अधिकारों की लड़ाई को लेकर पहाड़िया समाज ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति, झारखंड के बैनर तले बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना देकर सरकार से 10 सूत्री मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की गई। समिति ने राष्ट्रपति के नाम मांग-पत्र भेजकर स्पष्ट किया कि अब आश्वासन नहीं, अधिकारों पर ठोस पहल चाहिए। धरना में सबसे प्रमुख मुद्दा मालतो और मावड़ो भाषाओं को क्षेत्रीय जनजातीय भाषा की सूची में दोबारा शामिल करने का रहा। समिति का कहना है कि इन भाषाओं को सूची से बाहर किए जाने से पहाड़िया समाज के शिक्षित युवाओं के सामने रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में परेशानी खड़ी हो रही है।

इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में आदिम जनजातियों के लिए निर्धारित 2 प्रतिशत आरक्षण प्रभावी रूप से लागू करने और आदिम जनजाति महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये पेंशन देने की मांग उठाई गई।

पहाड़िया समाज की 10 सूत्री मांगों में क्या है!
समिति ने झारखंड जनजातीय सलाहकार परिषद में पहाड़िया समाज के प्रतिनिधि को मनोनीत करने, वर्षों से रिक्त पहाड़िया कल्याण पदाधिकारी और क्षेत्रीय पर्यवेक्षक के पदों पर नियुक्ति तथा विकास के लिए मिलने वाली केंद्रीय सहायता राशि का अलग मद में उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की। ऐतिहासिक दामिन-ए-कोह की सीमा पर पक्के पिलर से घेराबंदी, अतिक्रमण हटाने और डाक बंगलों का निर्माण कराने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा खतियान में माल जाति दर्ज होने के बावजूद अनुसूचित आदिम जनजाति की सूची में शामिल नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई गई। समिति ने 2 नवंबर 1894 की अधिसूचना संख्या 4844 का हवाला देते हुए सौरिया कंट्री के लिए पहाड़िया स्वायत्त परिषद के गठन की मांग की। लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में आदिम जनजातियों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने तथा राजमहल की पहाड़ियों में उत्खनन बंद कराने की मांग भी रखी गई। 

पहाड़िया समाज को उचित भागीदारी नहीं मिली!
समिति के पदाधिकारी शिवचरण मालतो ने कहा कि पहाड़िया समाज ने अपनी जमीन, संस्कृति और अस्तित्व की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया है, लेकिन आज भी उसे राजनीतिक प्रतिनिधित्व, रोजगार और विकास के अवसरों में अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल रही है। जमीन पर कब्जा, शोषण, पलायन और महिला उत्पीड़न जैसी समस्याएं समुदाय की स्थिति को और गंभीर बना रही हैं।

30 नवंबर से कमिश्नर कार्यालय के सामने प्रदर्शन
उन्होंने आंदोलन की अगली रणनीति बताते हुए कहा कि 30 नवंबर को कमिश्नर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना और हड़ताल शुरू होगी। जरूरत पड़ने पर राजधानी रांची में राज्यपाल के समक्ष भी आंदोलन जारी रखा जाएगा। समिति ने साफ संदेश दिया कि पहाड़िया समाज अब अपनी भाषा, पहचान और अधिकारों के सवाल पर चुप बैठने वाला नहीं है।
 

Tags - Jharkhand NewsPaharia TriblePrimitive Paharia TriblePakur News