द फॉलोअप डेस्क
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोहरदगा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं को देख मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए सिविल सर्जन और स्वास्थ्य उपाधीक्षक को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने देखा कि अस्पताल का आईसीयू वार्ड ठप पड़ा है, मशीनें खराब हैं और जांच घर बंद हैं। इसके अलावा वार्डों में डॉक्टर समय पर राउंड पर नहीं जा रहे हैं, जिससे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पेयजल व्यवस्था की भी स्थिति बेहद खराब पाई गई, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताई और सिविल सर्जन को अस्पताल का पानी पिलाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के समय एक मरीज के परिजन अस्पताल की दुर्दशा बताते हुए मंत्री के सामने रो पड़े। इस पर मंत्री ने उन्हें आश्वासन देते हुए बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया और सिविल सर्जन को सख्त निर्देश दिए।
मीडिया से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोहरदगा जिले का सदर अस्पताल बहुत पुराना हो चुका है, जिसकी वजह से अव्यवस्थाएं बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने घोषणा की कि जिले में जल्द ही एक भव्य नया अस्पताल भवन बनवाया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। साथ ही, उन्होंने सिविल सर्जन और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौजूदा व्यवस्थाओं में जल्द सुधार किया जाए।
