logo

पत्तल-दोना उत्पादन इकाई का विधायक जगत माझी ने किया उद्घाटन, कहा- रोजगार मुहैया करा पलायन रोकना मेरी प्राथमिकता

jagat_majhi_nnn.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मनोहरपुर प्रखंड के नंदपुर पंचायत सचिवालय में सारंडा वन प्रमंडल एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में पत्तल-दोना उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक जगत माझी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में 16 महिला समूहों के बीच पत्तल-दोना मशीन का वितरण किया गया, जबकि शेष 40 मशीनों का वितरण आगामी चरणों में किया जाएगा। इस पहल से प्रखंड की सैकड़ों महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ सकेंगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। विधायक जगत माझी की पहल पर वन विभाग द्वारा यह योजना शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना है। उद्घाटन के मौके पर महिला समूहों द्वारा मशीन से दोना और पत्तल निर्माण का प्रदर्शन किया गया।

अपने संबोधन में विधायक जगत माझी ने कहा कि जब महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ेंगी, तो परिवार और समाज दोनों सशक्त होंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर परिवार को रोजगार से जोड़ा जाए ताकि पलायन पर रोक लग सके। उन्होंने यह भी कहा कि गांव और घर स्तर पर यदि रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाएं, तो महिलाएं घर संभालने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी बन सकती हैं। उन्होंने जंगलों को नुकसान न पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि यदि हम जंगलों की रक्षा करें, तो जंगल हमें रोजगार भी दे सकता है। जंगल को कटने और जलने से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पंचायत और प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग्स लगाए जाएं। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज, कोयना वन क्षेत्र पदाधिकारी रामनंदन राम, पत्तल मशीन के आविष्कारक जोगिंदर पात्रा, झामुमो नेता अकबर खान, बंधना उरांव, विक्रम सिंह, बहादुर मुर्मू, मोहम्मद उमर, बबलू खान सहित विभिन्न महिला समूहों की सैकड़ों महिलाएं, वन विभाग एवं जेएसएलपीएस के अधिकारी मौजूद रहे।


 

Tags - latest jharkhand News jharkhand Updates latest jharkhand News jharkhand News breaking Updates latest breaking news brteaking updates Latest breaking news breaking news Updates