द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा संचालित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं को लेकर छात्रों के बीच लगातार बढ़ रही नाराजगी को देखते हुए आज विधायक जयराम महतो अपने शिष्टमंडल के साथ JSSC कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने आयोग के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता से विस्तारपूर्वक बातचीत की और समस्याओं के समाधान हेतु एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा।
विधायक महतो ने आयोग सचिव को त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत देते हुए कई अहम मुद्दों को उठाया। इनमें नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूला की पारदर्शिता, सहायक आचार्य भर्ती में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद अभ्यर्थियों के असफल होने की स्थिति, बायोमेट्रिक मिसमैच, दो वर्षीय बीएड कोर्स से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं।
इसके साथ ही उन्होंने लेडी सुपरवाइजर, पंचायत सचिव, पीजीटी, जूनियर इंजीनियर सहित अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं में रिक्त पदों की अगली सूची जल्द जारी करने की मांग की। वहीं, दरोगा, सिपाही, स्पेशल ब्रांच, एक्साइज कांस्टेबल, वनरक्षी, कक्षपाल जैसी लंबित परीक्षाओं पर चर्चा करते हुए विधायक ने परीक्षा कैलेंडर का सख्ती से पालन करने और नई भर्तियों के लिए जल्द विज्ञापन जारी करने की आवश्यकता पर बल दिया। मौके पर JLKM के उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कहा, "हमारे संगठन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की मूल समस्याओं का समाधान करना है। छात्रों की समस्याओं को लेकर हमारा संगठन लगातार संघर्षरत है और हम इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रहे हैं।"
