द फॉलोअप डेस्क
गांडेय विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर विधायक कल्पना सोरेन गुरुवार 17 जुलाई को गिरिडीह पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले गिरिडीह परिसदन भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद वे अपने विधानसभा क्षेत्र गांडेय रवाना हुईं, जहां उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण कर उनके क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने बेंगाबाद +2 विद्यालय का भी भ्रमण किया। वहां उन्होंने छात्रों से संवाद कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों के बीच एक मोटिवेशनल सत्र का आयोजन किया, जिसमें अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के महत्व को रेखांकित किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। पढ़ाई के प्रति ईमानदारी और निरंतर प्रयास ही आपको आगे ले जा सकते हैं।" उनकी बातों से छात्रों में विशेष उत्साह देखा गया। बच्चों ने उनसे खुलकर बातचीत की और कई सवाल भी पूछे, जिनका उन्होंने बेहद सहजता और आत्मीयता से उत्तर दिया।
इस प्रेरणादायक मुलाकात से न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ा, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की दिशा भी मिली। इस अवसर पर डीडीसी स्मृता कुमारी, एसपी डॉ. विमल कुमार, डीएसई वसीम अहमद, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी और विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित थे।
