द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल व्यापक बारिश की संभावना से इनकार किया है। विभाग का कहना है कि कुछ स्थानीय कारणों से कहीं-कहीं हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन समग्र रूप से वर्षा की संभावना कम है। इस बीच, झारखंड में मानसून की आमद को लेकर समय-सीमा में बदलाव हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पहले यह अनुमान लगाया गया था कि मानसून अपने निर्धारित समय से एक सप्ताह पहले राज्य में प्रवेश कर जाएगा, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अब ऐसा संभव नहीं लग रहा।
उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों तक मानसून के प्रवेश की संभावना नहीं है। अब 7 जून के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मानसून राज्य में कब तक पहुंच सकता है। अनुमान है कि मानसून 10 से 12 जून के बीच झारखंड में प्रवेश कर सकता है। विज्ञानियों के अनुसार, राज्य में 12 जून तक मानसून का प्रवेश सामान्य माना जाता है, लेकिन यदि इसमें देरी होती है तो गर्मी बढ़ने की संभावना है। 6 जून से तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अन्य जिलों में भी गर्मी तेज होगी। राज्यभर के आगामी मौसम की बात करें तो अगले 5 दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे।
3 जून को भी आंशिक बादल और हल्की गर्जना देखने को मिल सकती है।
4 और 5 जून को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गर्जन वाले बादल बन सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
6 जून से आसमान साफ रहेगा और गर्मी में और वृद्धि हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, यदि मानसून 10 से 12 जून के बीच राज्य में प्रवेश करता है, तो 15 जून के बाद अच्छी बारिश की संभावना है। सामान्य तौर पर रांची में जून महीने में 197.6 मिमी वर्षा दर्ज की जाती है। लेकिन यदि मानसून देर से पहुंचता है तो बारिश की मात्रा में कमी हो सकती है।