द फॉलोअप डेस्क
मोंटे कार्लो कंपनी के कर्मचारियों की HPC रेट से वेतन की माँग को लेकर शुरू हुई भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है। कंपनी के मुख्य गेट पर 25 नवंबर से बड़ी संख्या में कर्मचारी धरने पर बैठे हैं और जब तक उनकी माँगें पूरी नहीं होतीं, वे आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से उन्हें HPC के निर्धारित रेट के अनुसार वेतन नहीं मिल रहा है। कंपनी में आधे कर्मचारियों को HPC रेट से वेतन दिया जा रहा है, जबकि शेष आधे को इससे वंचित रखा गया है। वेतन वितरण में इस दोहरी नीति से कर्मचारियों में भारी असंतोष है। कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रबंधन को इस बारे में ज्ञापन सौंपा, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर कर्मचारियों को भूख हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
ललमटिया थाना पुलिस पिछले तीन दिनों से स्थल पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल शांतिपूर्ण है, लेकिन किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन आंदोलनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य रखने की कोशिश कर रहा है। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक सभी कर्मचारियों को समान रूप से HPC रेट से वेतन नहीं मिलता और पिछले तीन वर्षों का बकाया नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। हालाँकि कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर जल्द कोई समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
.jpg)