logo

जरूरी खबर : रांची के 20 इलाकों के 5 लाख से अधिक लोगों को बुधवार को नहीं मिलेगा पानी, यह है वजह

rukka.jpg

रांची:
रांची के 5 लाख लोगों को मंगलवार औऱ बुधवार को पानी नहीं मिल पाएगी। इसका कारण है रूक्का डैम के पास चल रहे निर्माण कार्य। रूक्का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (Rukka Water Treatment Plant) के निकट पथ निर्माण विभाग (Road Construction Department) का काम किया जा रहा है। काम के दौरान रुक्का से बूटी आने वाली मेन वाटर लाइन पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई है। जिस कारण इलाके में मंगलवार के वाटर सप्लाई ठप रही। मिली जानकारी के अनुसार इसकी मरम्मत का आकलन किया जा रहा है। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि इसके लिए 750 डायमीटर वाले पाइपलाइन को बदला जाना है। अगर स्टोर रूम में यह पाइपलाइन नहीं होगी तो खरीदारी करनी होगी। इसलिए अब उम्मीद कम है कि आज देर रात तक इसकी मरम्मत हो पाएगी। 


सड़क निर्माण के कारण आए दिन टूटती है पाइपलाइन 
इस संबंध में बूटी ईई राधेश्याम रवि का कहना है कि हम लोगों ने बार-बार पथ निर्माण विभाग को सूचित किया है। हमने कहा था कि रोड निर्माण से पहले या तो हमें यूटिलिटी शिफ्टिंग करने का समय और पैसा दिया जाए नहीं तो रोड बनने के बाद फिर रोड को तोड़कर पाइपलाइन हटाना या मरम्मत करनी होगी। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। सड़क निर्माण के कारण आए दिन पाइपलाइन टूट जाती है। इससे ना केवल विभाग को बल्कि जनता को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


इन इलाकों में होगी दिक्कत
बरियातू रोड,रिम्स,कोकर,कांटा टोली,दीपा टोली,बहू बाजार,सिरम टोली,मेन रोड,लालपुर,वर्धमान कंपाउंड,पुरानी रांची ,हिंदपीढ़ी,रातू रोड,मोरहाबादी, पिस्का मोड़, पहाड़ी मंदिर एरिया,आनंद नगर,किशोरगंज,कुम्हरटोली,मधुकम व आसपास के क्षेत्रों में वाटर सप्लाई ठप रहेगी।