द फॉलोअप डेस्क
मुंबई में हुई करीब 2.65 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले में बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस की टीम ने गावां थाना पुलिस के सहयोग से पंडरिया और सांख गांव में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, अन्य चोरी का सामान और चोरी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा थार एसयूवी बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, गावां थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी अमित यादव (26) और सांख निवासी सतीश कुमार (26) मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र के उपसभापति संजय अहीर के घर घरेलू कर्मचारी के रूप में काम करते थे। आरोप है कि दोनों ने लंबे समय तक घर में विश्वास हासिल करने के बाद धीरे-धीरे सोने के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चुराया। जब लगातार सामान गायब होने लगा तो शिकायत के बाद वर्ली पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें करीब 2.65 करोड़ की चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद वर्ली थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

गिरिडीह में छापेमारी, सोने के गहने और थार जब्त
पूछताछ के आधार पर वर्ली थाना के पीएसआई योगेश थरवकर, एएसआई अरुण घटकर और सीआईडी की टीम आरोपियों को लेकर गिरिडीह पहुंची। गावां थाना पुलिस की मदद से दोनों के घरों में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब ₹4 लाख मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से आरोपियों ने एक महिंद्रा थार एसयूवी खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद
गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि मुंबई पुलिस की कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने पूरा सहयोग किया। बरामद आभूषण और जब्त महिंद्रा थार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल मुंबई पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की रकम का कहीं और निवेश किया गया था या अन्य संपत्तियां खरीदी गई थीं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस हाई-प्रोफाइल चोरी से जुड़े और भी अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।