द फॉलोअप डेस्क
झारखंड लोकल बॉडीज एम्पलाइज फेडरेशन के आह्वान पर सोमवार को नगर निगम कर्मियों ने निगम कार्यालय परिसर में एक दिवसीय भूख हड़ताल कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मियों ने अपनी 6 सूत्री मांगों को लेकर सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
फेडरेशन के नेताओं ने कहा कि सरकार ने पूर्व में दो मंत्रियों के माध्यम से लिखित समझौता किया था, जिसमें दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की सेवा नियमित करने समेत कई मांगें शामिल थीं। लेकिन आज तक उस समझौते को लागू नहीं किया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि बार-बार आंदोलन और आग्रह के बावजूद सरकार कर्मियों की जायज मांगों को अनदेखा कर रही है। भूख हड़ताल के कारण दिनभर निगम कार्यालय का कामकाज ठप रहा। मौके पर बड़ी संख्या में निगम कर्मी उपस्थित रहे।
फेडरेशन के अशोक सिंह ने बताया कि आंदोलन की यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने कहा कि 21 अगस्त को जिला स्तर पर प्रदर्शन होगा, जबकि 29 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना दिया जाएगा। यदि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 12 सितंबर से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
