द फॉलोअप डेस्क
मतगणना के पहले रुझान में दिन के दो बजे तक मिली जानकारी के अनुसार राज्य के नौ नगर निगमों के मेयर पद के चुनाव में भाजपा तीन, कांग्रेस तीन, बागी दो और झामुमो समर्थित एक प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रांची, आदित्यपुर और देवघर नगर निगम में भाजपा, मेदिनीनगर, मानगो और चास में कांग्रेस, गिरिडीह में झामुमो तथा धनबाद में भाजपा के बागी पूर्व विधायक संजीव सिंह और हजारीबाग में भाजपा के बागी अरविंद राणा आगे चल रहे हैं। राज्य के विभिन्न मतगणना स्थलों से प्राप्त सूचना के अनुसार आज देर रात तक मेयर पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाने की संभावना है।

मेदिनीनगर में पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी की बेटी नम्रता त्रिपाठी निवर्तमान मेयर अरुणा शंकर से आगे चल रही हैं। झामुमो समर्थित पूनम सिंह तीसरे स्थान पर हैं। रांची में भाजपा की रोशनी खलखो कांग्रेस की रमा खलखो पर 12 हजार से अधिक मतों की बढ़त बना ली है। गिरिडीह में झामुमो के प्रमिला मेहरा भाजपा समर्थित शैलेंद्र चौधरी से लगभग 2500 मत आगे थी। आदित्यपुर में भाजपा समर्थित संजय सरदार आगे चल रहे हैं। धनबाद में भाजपा के बागी संजीव सिंह झामुमो समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल से प्रथम चरण की मतगणना में लगभग एक हजार मतों से आगे थे। पहले चरण में 11 वार्डों की गणना हुई है। कुल 55 वार्ड हैं। मानगो में बन्ना गुप्ता की पत्नी और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुधा गुप्ता भाजपा की संध्या सिंह से 2300 मतों से आगे है।

देवघर में मतगणना में भारी उलटफेर हो रहा है। वहां भाजपा की रीता चौरसिया आगे हैं। पर कभी झामुमो समर्थित रवि राउत तो कभी भाजपा के बागी बाबा बलियासे आगे हो जा रहे हैं। बागों के शहर हजारीबाग में बागी आगे हैं। हजारीबाग में आरएसएस से जुड़े रहे अरविंद राणा आगे हैं। दूसरे स्थान पर झामुमो के बागी विकास राणा को बताया गया है। चास नगर निगम में कांग्रेस के जमील अख्तर भाजपा प्रत्याशी पर बढ़त बनाए हुए हैं। गिरिडीह में भाजपा के शैलेंद्र चौधरी झामुमो की प्रमिला मेहरा से पीछे हैं।
