logo

सरला बिरला विश्वविद्यालय में नेशनल हैकथन का आगाज़, देशभर की 31 टीमें ले रहीं हिस्सा

sarla1.jpg

रांची 
सरला बिरला विश्वविद्यालय के तत्वावधान में गूगल डेवलपर ग्रुप के सहयोग से दो दिवसीय नेशनल हैकथन का आयोजन किया जा रहा है। ‘रांची हैक्स’ नाम से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आई कुल 31 टीमें हिस्सा ले रही हैं। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साझा की गई।
प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक और कुलपति प्रो सी. जगनाथन ने बताया कि झारखंड में इस स्तर पर गूगल डेवलपर ग्रुप के सहयोग से किया जा रहा यह आयोजन अपने आप में एक अनूठा प्रयोग है। उन्होंने कहा कि इस हैकथन के जरिए युवाओं को अपनी रचनात्मकता, तकनीकी समझ और नवाचार को प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।


हैकथन का आयोजन विश्वविद्यालय के जीडी बिरला सभागार में किया गया है, जहां राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने प्रतियोगिता स्थल का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों की तकनीकी सोच और इनोवेशन की सराहना की।
आयोजन मंडली से जुड़े तुषार और ऋषभ ने बताया कि गूगल डेवलपर ग्रुप ने झारखंड के एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में इस प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों का आयोजन कर यहां के छात्रों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मंच देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतिभागियों को प्रायोगिक ज्ञान के साथ-साथ जॉब और इंटर्नशिप के अवसरों में भी लाभ मिलेगा।


बताया गया कि करीब 2500 प्रतिभागियों में से चयनित 120 प्रतिभागी इस दो दिवसीय फाइनल राउंड का हिस्सा बने हैं। प्रतियोगिता में दिए गए प्रॉब्लम स्टेटमेंट पर टीमें काम कर रही हैं, जिनमें छात्र और कामकाजी युवा दोनों शामिल हैं। निर्णायक मंडली में बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत विशेषज्ञ शामिल हैं, जो अंतिम दिन तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विश्वविद्यालय के डीन डॉ. पंकज गोस्वामी, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव और डॉ. दीप्ति कुमारी भी मौजूद रहीं।

Tags - Hackathon Innovation Technology Students Ranchi