द फॉलोअप डेस्क
पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने बूढ़ापहाड़ से निकल कर भागे मामा और भगीने को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार नक्सलियों में माओवादियों के जोनल कमांडर संजीवन और कुंदन शामिल हैं। दोनों को लातेहार से गिरफ्तार किया गया हैं। बता दें कि यह दोनों माओवादियों के टॉप कमांडर है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने कई आधुनिक हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर इलाके में सर्च अभियान चलाया है।

सितंबर 2022 में भागे थे
बता दें कि बूढ़ा पहाड़ पर सितंबर 2022 में माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन ऑक्टोपस शुरू किया गया था। ऑपरेशन शुरू होने के बाद का कई टॉप माओवादी इलाके से निकल कर भाग गए थे। बूढ़ा पहाड़ से निकलकर भागने वालों में माओवादियों के जोनल कमांडर संजीवन और कुंदन भी थे। दोनों लातेहार के मटलौंग के रहने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार दोनों को लातेहार के इलाके में तैनात पुलिस और सुरक्षाबलों ने अपने कब्जे में लिया है। फिलहाल दोनों के कब्जे में आने के बाद पुलिस अधिकारी अभी कुछ नहीं बता रहे हैं।

लेवी वसूलने की थी योजना
करीब डेढ़ माह पहले नवीन यादव ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। नवीन के आत्मसमर्पण करने के बाद संजीवन और कुंदन पलामू, चतरा और लातेहार सीमा पर माओवादियों के लिए दस्ता तैयार करने के फिराक में थे। गिरफ्तारी के बाद संजीवन और कुंदन ने पुलिस और सुरक्षाबलों को कई अहम जानकारियां भी दी हैं। दोनों ने बताया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में दस्ता तैयार कर लेवी वसूलने की योजना थी।