logo

Ranchi : द्रौपदी मुर्मू करेंगी शिबू सोरेन से मुलाकात, राष्ट्रपति चुनाव में मांगेंगी JMM का समर्थन!

a424.jpg

डेस्क: 

एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) रांची में हैं। शाम 5 बजे द्रौपदी मुर्मू झारखंड मुक्ति मोर्चा (Jharkhand Mukti Morcha) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन से मुलाकात करेंगी। चर्चा है कि इस मुलाकात के दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) भी मौजूद होंगे। संभावना जताई जा रही कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा से समर्थन की मांग करेंगी। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू आज सुबह 11 बजे विशेष विमान से रांची पहुंची। रांची एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया।
 

होटल बीएनआर चाणक्य में मीटिंग
एयरपोर्ट से द्रौपदी मुर्मू सीधा होटल बीएनआर चाणक्या पहुंची जहां एनडीए घटक दल के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश (Deepak Prakash), पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) और आजसू प्रमुख सुदेश महतो (Sudesh Mahto) सहित कई नेता, विधायक और सांसद शामिल हुए। बैठक में राष्ट्रपति चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा हुई। 

क्यों द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगा JMM! 
इस बीच सूचना मिली की द्रौपदी मुर्मू शाम पांच बजे मुख्यमंत्री आवास जाकर शिबू सोरेन से मुलाकात करेंगी। संभावना है कि मुख्यमंत्री हेमंतं सोरेन भी इस दौरान मौजूद रहें। गौरतलब है कि झामुमो ने अब तक द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किए जाने का संकेत दिया है।

दरअसल, द्रौपदी मुर्मू संताल आदिवासी समाज से आती हैं। सोरेन परिवार भी इसी संताल समाज से आता है। संताल परगना प्रमंडल के 6 जिलों में इस समुदाय के लोग रहते हैं।

द्रौपदी मुर्मू का झारखंड की पहली महिला राज्यपाल होना भी इस बात का समर्थन करता है कि राष्ट्रपति चुनाव में झामुमो, द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी के साथ जाये।