सोनुआ:
आज दुनिया रॉकेट युग में पहुंच गई है। लोग चांद तक का सफर तय कर रहे हैं। लेकिन कुछ ग्रमीण इलाकों की हालत अब भी इतनी खराब है कि यहां लोग सबसे ज्यादा किसी चीज पर विश्वास करते हैं तो वो है अंधविश्वा। झारखंड से आए दिन खबर आती है कि महिला को डायन बताकर मार दिया गया है। ताजा मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ का है। जहां डायन-बिसाही (witchcraft) बताकर भतीजे ने चाचा-चाची दोनों की हत्या कर शव को नदी में शव को बहा दिया। पुलिस (Jharkhand Police) ने मंगलवार को पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को झालियामारा संजय नदी में मिला शव
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 14 अक्तूबर को झालियामारा संजय नदी से एक शव बरामद किया गया था। खोजबीन के बाद पता चला कि शव बोयकेडा गांव निवासी कोदमा सुरीन (65) का था। वह बागुन सुरीन की पत्नी थी। आगे की कार्रवाई में पति बागुन के भी लापता होने की बात सामने आयी। छानबीन में पुलिस को पति-पत्नी की हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद 17 अक्टूबर को पुलिस को बागुन का भी शव नदी से मिला। जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई।
मास्टरमाइंड भतीजा निकला
पुलिस जांच में दोनों की हत्या का मास्टरमाइंड भतीजा निकला। डायन-बिसाही का आरोप लगाकर भतीजा जोंको सुरीन ने अपने दो साथियों लाल सिंह व मांगेया के साथ मिलकर चाचा और चाची की हत्या 13 अक्तूबर की रात में कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से दोनों शव को संजय नदी में बहा दिया।

जायदाद हड़पने के लिए ली जान
इस मामले में ग्रामीणों ने बताया कि दंपती का कोई नहीं था। इसी लिए जायदाद हड़पने के लिए भतीजे ने उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि भतीजा जोंको सुरीन का कोई काम नहीं बनने के कारण इसका दोषी अपने चाचा-चाची को मानता था। उसे शक था कि दोनों ने डायन-बिसाही कर उसके काम में अड़ंगा लगा रहे हैं।