द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय का अपना नया भवन पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। रविवार को भवन में विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। बताया गया कि इस भवन का औपचारिक उद्घाटन आगामी 6 दिसंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा।
पूजा कार्यक्रम में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, पूर्व विधायक कमलेश उरांव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नए कार्यालय भवन के तैयार होने से संगठनात्मक गतिविधियों में और अधिक तेजी आएगी तथा पार्टी का विस्तार कार्य और सुगमता से संचालित किया जा सकेगा। नेताओं ने बताया कि यह कार्यालय क्षेत्र के राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बनेगा, जिससे जिले में पार्टी की मजबूती और सक्रियता और बढ़ेगी।
