logo

सिमडेगा में छात्रों के लिए नौकरी का नया मॉडल, पढ़ाई के साथ कॉलेज टाइमटेबल के अनुसार कर सकते है काम

bharat_prasad.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले में एक नया रोजगार मॉडल छात्रों के लिए उपलब्ध कराया गया है, जो अब चर्चा का विषय बन चुका है। इस मॉडल के तहत कॉलेज में पढ़ाई कर रहे छात्रों को उनके टाइम टेबल के अनुसार काम दिया जाता है। यह पहल युवा समाजसेवी और थोक-खुदरा सब्जी व्यवसायी भरत प्रसाद के प्रयासों से संभव हुई है।
भरत प्रसाद अपने व्यवसाय "भरत वेजिटेबल" के तहत कॉलेज जाने वाले छात्रों को उनके मनपसंद समय के अनुसार काम प्रदान करते हैं। यदि छात्रों के पास समय है तो वे पूरा दिन काम कर सकते हैं, और अगर समय कम है तो वे आधे घंटे या एक घंटे भी काम कर सकते हैं। इस काम के बदले में उन्हें तत्काल पैसे दिए जाते हैं, जिनका उपयोग वे अपनी ट्यूशन फीस, कॉलेज रेंट या अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कर सकते हैं।
भरत का मानना है कि पैसे की कमी के कारण छात्रों को अपनी पढ़ाई छोड़ने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। इस सोच के साथ उन्होंने यह रोजगार मॉडल तैयार किया है, जिससे छात्रों को बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपनी आर्थिक जरूरतें भी पूरी करने का मौका मिलता है।
इसके अलावा, भरत की कंपनी ने अब तक 50 लोगों को रोजगार दिया है। बेरोजगारी से जूझ रहे लोगों को रोजगार देने के उद्देश्य से भरत जल्द ही डेली मार्केट में एक बड़ी मंडी शुरू करने जा रहे हैं। इस मंडी में 4 मैनेजर, 2 कंप्यूटर ऑपरेटर, 6 पर्यवेक्षक और 20 महिला श्रमिकों को रोजगार मिलेगा। इन कर्मचारियों को 6000 रुपये से लेकर 15000 रुपये तक का मासिक वेतन मिलेगा, जो समय और अनुभव के आधार पर बढ़ सकता है। कंपनी द्वारा नौकरी करने वालों को खाने की भी सुविधा दी जाएगी।


 

Tags - Latest Jharkhand News Simdega News updates latest Simdega News Simdega Updates Simdega News in Hindi Simdega Employment news bharat prasad Simdega Simdega News Simdega updates