logo

RSS कार्यालय पहुंची NIA की टीम, पेट्रोल बम हमला मामले की जांच तेज

nia14.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने के मामले की जांच अब और तेज हो गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की तीन सदस्यीय टीम आरएसएस कार्यालय पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। टीम ने कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली तथा घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया।


दो युवकों ने दिया था घटना को अंजाम

जांच में सामने आया है कि इस घटना को दो युवकों ने मिलकर अंजाम दिया था। दोनों आरोपी मुंह पर गमछा बांधकर देर रात आरएसएस कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने कार्यालय परिसर में पेट्रोल बम फेंका। घटना के दौरान फेंके गए बमों में से एक में विस्फोट हुआ था, जबकि दूसरा नहीं फटा था। जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। एनआईए की टीम ने भी घटनास्थल से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी जुटाई है। पुलिस पहले से ही मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है। 


सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं। इसी कड़ी में एनआईए की टीम के पहुंचने से मामले की जांच को नया आयाम मिला है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की मंशा और हमलावरों की पहचान को लेकर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Tags - RSS NIA Ranchi Petrol Bomb Attack Jharkhand