logo

राष्ट्रपति का आगमन : एयरपोर्ट से CUJ तक नो फ्लाइंग जोन, 3 लेयर की सुरक्षा होगी

president_no_fly_zone.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 फरवरी को रांची आ रही हैं। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के दीक्षांत समारोह में वो शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर युद्धस्तर पर तैयारी चल रही है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रांची पुलिस ने राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए तीन लेयर की सुरक्षा का इंतजाम किया है। उस दिन एयरपोर्ट से CUJ तक नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा जिस रास्ते से राष्ट्रपति का कारकेट पार होगा उस इलाके में ऊंची-ऊंची इमारतों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। 


500 मीटर की परिधि में नो फ्लाइंग जोन रहेगा
गौरतलब है कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से धुर्वा गोलचक्कर, सीठियो, बालालौंग, गुटुवा और आईटीबीपी चौक से सीयूजे मनातु तक 500 मीटर की परिधि में नो फ्लाइंग जोन रहेगा। इस क्षेत्र में ड्रोन, पाराग्लाइडिंग और हॉट एयर बेलुन पर रोक रहेगी। यह आदेश 28 फरवरी सुबह 5 से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। बता दें कि उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने नो फ्लाइंग जोन के लिए एसडीएम को पत्र लिखा था और सुरक्षा कारणों से ऐसा करने की जरूरत बतायी थी। इसके बाद नो फ्लाई जोन बनाया गया।


डीसी ने खुद संभाला मोर्चा
एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक करीब 1 हजार पुलिस फोर्स के अलावा 45 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसमें रैफ, जैप, जिला बल, आईआरबी शामिल है। वहीं कंट्रोल रूम से राष्ट्रपति की सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों और दंडाधिकारियों को सख्त निर्देश हैं कि वे ड्यूटी में कोई लापरवाही न बरतें। डीसी राहुल सिन्हा व एसएसपी चंदन सिन्हा पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर स्वयं नजर रखेंगे। सुरक्षा को लेकर डीसी और एसएसपी ने अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ शनिवार को बैठक की। इस दौरान सुरक्षा का ब्लू प्रिंट भी तैयार किया गया। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\