निरसा(बंटी झा) :
धनबाद के निरसा में एगारकुंड अंचलाधिकारी ने चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष डब्लू बाउरी,सांसद प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, निरसा विधायक प्रतिनिधि इरफान अहमद खान सहित चिरकुंडा नगर परिषद के 9 वार्ड पार्षदों को नोटिस भेजा है। इनपर कंबल गबन करने का आरोप लगा है। बता दें कि जहां एक तरफ ठंड से बचाव के लिए सरकार कंबल वितरण की योजना चला रही है। वहीं दूसरी ओर गरीबों का हक और ठंड से बचाव के लिए मामूली सा कंबल लोग डकार ले रहे है। ताजा मामला है चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र का जहां गरीबों के हक के आने वाले कंबल को भी निकाल लिया गया है और विभाग ने नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में कहा गया है कि वर्ष 2020- 21 में वितरण किए गए कंबल का उपयोगिता प्रणाम पत्र अब तक जमा नहीं किया गया है। बांटे गए सभी कंबल सरकारी है।

प्रमाण पत्र जमा करने को कहा गया
विभाग द्वारा चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड 17 के पार्षद अभय रखा, वार्ड 13 के पार्षद रिंकी खान, वार्ड 16 के पार्षद विजय कुमार यादव, वार्ड 9 के पार्षद सुशील कुमार चंद्रवंशी, वार्ड 4 के पार्षद रानी केराई, वार्ड 15 के पार्षद निर्मला देवी,वार्ड 21 के पार्षद प्रेयसी कांजीलाल, वार्ड 18 के पार्षद सुनीता देवी और वार्ड 6 के पार्षद मोहम्मद आरिफ अली को 2 दिनों के अंदर वर्ष कंबल का प्रमाण पत्र जमा करने को कहा गया है। कहा गया कि अगर 2 दिनों के अंदर प्रमाण पत्र जमा नहीं किया गया तो विभाग विवश होकर कार्यवाही के लिए जिला को सूचित करेगी।