द फॉलोअप डेस्क
कुख्यात अपराधी गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्ल्यू सिंह ने पलामू पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। डब्ल्यू सिंह एक कुख्यात आपराधिक गिरोह का सरगना है। उसने पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के समक्ष सरेंडर किया।
पुलिस के अनुसार, रविवार 17 अगस्त की रात 10:30 बजे डब्ल्यू सिंह मेदिनीनगर टाउन थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस लंबे समय से उसके खिलाफ अभियान चला रही थी। ज्ञात हो कि झारखंड पुलिस ने वर्ष 2023 में डब्ल्यू सिंह पर 40 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ पलामू, लातेहार, गढ़वा सहित कई जिलों के विभिन्न थानों में लगभग 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 में पलामू कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद वह जमानत पर बाहर आया और तभी से फरार चल रहा था।
डब्ल्यू सिंह मूल रूप से पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलांग गांव का निवासी है। वह 3 जून 2020 को पलामू के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में हुए गैंगस्टर कुणाल सिंह की हत्या मामले में भी आरोपी है। बताया जाता है कि डब्ल्यू सिंह ने अपनी हत्या के डर से गैंगस्टर कुणाल सिंह की हत्या करवाई थी। इसके लिए उसने शूटरों को 15 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस बात का खुलासा रांची से गिरफ्तार किए गए शूटर विजय शर्मा उर्फ गुरु जी ने किया था।
