द फॉलोअप डेस्क
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक पलट गई। नाव में कुल 10 लोग सवार थे और सभी श्रद्धालु रांची (झारखंड) के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खंडवा डीआईजी मनोज कुमार राय के अनुसार, नाव की पटिया टूटने के कारण यह हादसा हुआ। श्रद्धालु ओंकारेश्वर नागर घाट से ओंकार पर्वत की परिक्रमा कर रहे थे, तभी नाव का संतुलन बिगड़ गया और उसमें पानी भरने लगा। देखते ही देखते नाव पलट गई।

गोताखोरों की तत्परता से सभी को बचाया गया
घटना के दौरान मौके पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उनकी सतर्कता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें शुभम पाल का नाम सामने आया है। घायलों को पहले सिविल हॉस्पिटल ओंकारेश्वर में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए सनावद अस्पताल रेफर किया गया।

लाइफ जैकेट ने बचाई सभी की जान
घटना की सूचना मिलते ही मांधाता पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव अभियान चलाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश पर सभी श्रद्धालुओं ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके कारण इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और यह सुरक्षा उपाय बेहद प्रभावी साबित हुआ।