द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के सभी जिलों के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। दिन में तेज गर्मी का एहसास होता है। राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा चुका है। अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और शुष्क रहने वाला है। 15 मार्च को आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो सोमवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला का रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रांची के मौसम की बात करें तो रांची का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राज्य में सबसे कम तापमान गढ़वा का रहा। यहां का न्यूनतम तापमान को 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो इस पूरे हफ्ते राजधानी रांची के तापमान में अप्रत्याशित रूप से बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। होली वाले हफ्ते में बुधवार को अधिकतम तापमान 36.74 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.16 डिग्री सेल्सियस, गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.74 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.07 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.52 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.54 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।