जामताड़ा
जामताड़ा जिला मुख्यालय के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दो गांवों में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने सुखजोड़ा पंचायत के भलसुंधा और गोंदली पहाड़ी गांव को निशाना बनाते हुए करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पहली बड़ी वारदात भलसुंधा गांव के निवासी हरेण मंडल के घर हुई। घटना के वक्त घर में ताला लगा था, क्योंकि परिवार के सदस्य एक गर्भवती महिला की डिलीवरी के लिए निरसा गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने न केवल गहने चोरी किए, बल्कि बजरंगबली मंदिर निर्माण के लिए इकट्ठा किए गए 3 लाख रुपये चंदे की राशि भी ले उड़े। सुबह जब ग्रामीण वहां पहुंचे, तब चोरी की भनक लगी।

कुल नुकसान साढ़े चार लाख रुपये से अधिक का
वहीं दूसरी घटना गोंदली पहाड़ी गांव में फाल्गुनी भंडारी के घर घटी। यहाँ भी चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। दोनों घरों को मिलाकर कुल नुकसान साढ़े चार लाख रुपये से अधिक का बताया जा रहा है। इधर, दोनों ही परिवारों ने जामताड़ा सदर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया है और चोरों की धरपकड़ के लिए छानबीन शुरू कर दी है। एक ही रात में दो गांवों में हुई इस वारदात से स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इस संबंध में जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि आवेदन प्राप्त कर मामला दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है।
