द फॉलोअप डेस्क
देवघर जिले के बुढ़ाई मेले में मुंडन करवाने जा रहे यात्रियों से भरा एक टेम्पू गुरुवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि टेम्पू में बच्चे समेत 8 लोग सवार थे। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर बेंगाबाद टोल प्लाजा के समीप नवाषार मे पलट गया, जिससे पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एम्बुलेंस से गिरिडीह सदर अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाकी चार घायलों का उपचार जारी है।
मृतक की पहचान बेंगाबाद के महुआर निवासी 58 वर्षीय रामचंद्र पासी के रूप में की गई है। हादसे में घायल होने वालों में बेंगाबाद के कासीटांड़ निवासी 59 वर्षीय लट्टू महतो, 40 वर्षीय दुलारी देवी, 45 वर्षीय रधिया देवी, तथा 35 वर्षीय टिंकू यादव शामिल हैं। इनमें रधिया देवी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पर प्रशासन से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों पर नियंत्रण और तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस की टीम अपनी ओर से जांच करने में जुट गई है।