logo

अनुशासित व्यक्ति ही अपने जीवन में अर्जित कर सकता है सफलता- राज्यपाल

1431.jpg

द फॉलोअप डेस्क
एक अनुशासित व्यक्ति ही अपने जीवन में सफलता अर्जित कर सकता है। अनुशासन निर्माण में एनसीसी की भूमिका सराहनीय रही है। मैं खुद भी कभी एनसीसी कैडेट था और एनसीसी की गतिवधियों को निकट से जानता हूं। ये बातें राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कही। वे मंगलवार को राजभवन में नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड 2023’ में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी कैडेटों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित कर रहे थे। उन्होंने कैडेटों से कहा कि सभी अपने जीवन में कार्य के प्रति निष्ठा रखें एवं ध्यान केन्द्रित कर अपना कार्य करें। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना एवं देशभक्ति का जज़्बा विकिसित करने के लिए कार्यरत है। उन्होंने युवाओं से एनसीसी से जुड़कर अपना समग्र विकास करने को कहा।

बेहतर समाज के निर्माण का प्रयास रखें जारी
राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी कैडेट और एनएसएस स्वयंसेवक समग्र विकास व एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए अपने प्रयासों को जारी रखें। उन्होंने कहा कि एनसीसी और एनएसएस अपनी स्थापना काल से ही विविध गतिविधियों के माध्यम से हमारे देश के युवाओं को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ये युवाओं में राष्ट्रीय एकता
, सामाजिक गतिविधियों एवं देशभक्ति की भावना विकसित करने की दिशा में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण से संबंधित नहीं है, यह सामाजिक सेवा गतिविधियों पर भी जोर देता है। एनसीसी और एनएसएस युवाओं के समग्र व्यक्तित्व विकास में सक्रिय हैं। सामुदायिक विकास कार्यक्रमों जैसे रक्तदान, साक्षरता, वृक्षारोपण, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन आदि में इसकी भागीदारी प्रशंसनीय है। इस अवसर पर अपर महानिदेशक, एनसीसी बिहार-झारखंड मेजर जनरल एएस बजाज ने एनसीसी की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

मौके पर ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी
, विभिन्न सैन्य पदाधिकारीगण, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ० अजीत सिन्हा, डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ० तपन कुमार शांडिल्य, राज्य एन०एस०एस० पदाधिकारी डॉ० ब्रजेश कुमार एवं एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस के स्वयंसेवकगण उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT