logo

पलामू में बीडी राम की उम्मीदवारी का विरोध, BJP कार्यकर्ताओं ने जेपी नड्डा को पत्र लिख जताई आपत्ति

a1912.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, पलामू:

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पलामू संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी बीडी राम की उम्मीदवारी का विरोध हो रहा है। बीडी राम के नाम पर पार्टी के अंदरखाने ही विरोध के स्वर उठे हैं। पलामू संसदीय क्षेत्र में पार्टी के 19 मंडल अध्यक्षों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को चिट्ठी लिखकर, बीडी राम की उम्मीदवारी निरस्त करके, किसी स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाने की मांग की है। मंडल अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित क्षेत्रीय संगठन मंत्री और प्रदेश महामंत्री को भी इस बात से अवगत कराया है। मंडल अध्यक्षों का दावा है कि उम्मीदवारी के ऐलान से पहले उन्होंने बीडी राम के नाम पर आपत्ति जताई थी लेकिन फिर भी उनको ही मौका दिया गया। उनका कहना है कि यदि बीडी राम बदले नहीं गए तो वे सहज होकर पार्टी के लिए कैंपेन नहीं कर पाएंगे। 

जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव नहीं रहा
राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखी चिट्ठी में मंडल अध्यक्षों ने आरोप लगाया कि बीडी राम का बतौर सांसद पिछले 10 साल के कार्यकाल में जनता और कार्यकर्ताओं से कोई जुड़ाव नहीं रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल में जिला संगठन और मंडल अध्यक्षों का सम्मान नहीं किया। शिकायत करने पर जवाब मिला कि मुझे आपने वोट नहीं दिया। आपने मोदीजी को चुना है तो सवाल भी उन्हीं से पूछिए। मंडल अध्यक्षों का आरोप है कि पूर्व में डीजीपी रहे बीडी राम का रवैया, कार्यकर्ताओं के साथ काफी रुखा है। चिट्ठी में यह भी आरोप लगाया गया है कि संसदीय क्षेत्र में बीडी राम की बेटी द्वारा संचालित एनजीओ के द्वारा, सांसद निधि के पैसों की निकासी की गई है। इनका कहना है कि उम्मीदवारी को लेक पार्टी द्वारा की गई रायशुमारी में उन लोगों ने बीडी राम के नाम पर असहमति जताई थी। कहा था कि किसी स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाए लेकिन इस पर अमल नहीं किया गया।

बीडी राम के लिए कैंपेन नहीं कर पाएंगे हमलोग!
मंडल अध्यक्षों ने बीडी राम की उम्मीदवारी पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा है कि वे उनके लिए कैंपेन करने में खुद को असहज महसूस करेंगे। इन्होंने, राष्ट्रीय अध्यक्ष से पलामू संसदीय सीट पर उम्मीदवार को बदलने की मांग की है। गौरतलब है कि उदय कुमार, बसंत प्रसाद, उदय कुमार प्रजापति, कन्हाई प्रसाद, योगेंद्र कुमार मेहता और श्रवण कुमार सहित कुल 19 मंडल अध्यक्षों ने अपना हस्ताक्षरित पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा है। गुरुवार को मेराल में मंडल अध्यक्षों की बैठक का भी आयोजन किया गया था। 

झारखंड की 11 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान
गौरतलब है कि बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए 16 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 195 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। इसमें झारखंड की 14 में से 11 संसदीय सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गये हैं। पिछले 10 साल से सांसद बीडी राम को तीसरी बार मौका दिया गया है। इस बार हजारीबाग और लोहरदगा में प्रत्याशी बदले गये हैं।