द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में महिला गीता देवी की हत्या और लूटपाट के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतका से लूटे गए आभूषण, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, गला घोंटने में प्रयुक्त रस्सी और खून व मिट्टी लगे कपड़े समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बसना गांव निवासी शशि पासवान की पत्नी गीता देवी 20 अक्टूबर 2026 की रात दुर्गा पूजा पंडाल से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान वह लापता हो गईं। परिजनों की शिकायत पर 21 अक्टूबर को नावाबाजार थाना कांड संख्या 66/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उसी दिन दोपहर में उनका शव घर के समीप धान के खेत से संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी ने विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया।

लूट की योजना के दौरान महिला की हत्या का आरोप
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ और अनुसंधान के दौरान पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने दशमी के दिन पूजा पंडाल देखने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटपाट की योजना बनाई थी। आरोप है कि 20 अक्टूबर की रात घर लौट रही गीता देवी को अकेला पाकर आरोपी उन्हें खेत की ओर ले गए और उनके आभूषण लूट लिए। पुलिस के मुताबिक, महिला द्वारा आरोपियों को पहचान लेने और शोर मचाने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दीपरंजन पाण्डेय उर्फ छोटू उर्फ कारू (22), रोहित पाण्डेय (24), आकाश शुक्ला उर्फ भूलन शुक्ला (26) और विक्की पासवान उर्फ विकास पासवान (25) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पलामू जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

मोटरसाइकिल, गहने और रस्सी बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरो स्ट्रीम मोटरसाइकिल, चोरी की बताई गई फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद अपाची मोटरसाइकिल, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, मृतका के लूटे गए आभूषण, खून और मिट्टी लगे कपड़े तथा हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। दीपरंजन पाण्डेय के विरुद्ध नावाबाजार थाना में चोरी, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। आकाश शुक्ला के विरुद्ध भी पूर्व के मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं, विक्की पासवान के संबंध में चोरी और चोरी के सामान की बरामदगी से जुड़े पूर्व के मामलों का उल्लेख किया गया है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के अलावा प्रशिक्षु डीएसपी सह विश्रामपुर थाना प्रभारी मृत्युंजय गोप, नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव, पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार समेत नावाबाजार, विश्रामपुर और पड़वा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे। पलामू पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की है।