logo

सोमा मुंडा हत्याकांड : देवब्रत शाहदेव की गिरफ्तारी के खिलाफ पालकोट में सड़कों पर उतरे ग्रामीण

kh11.jpg

गुमला 

गुमला जिले के पालकोट प्रखंड में सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब देवब्रत नाथ शाहदेव की गिरफ्तारी के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। प्रतिवाद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की।
मार्च के दौरान “पुलिस प्रशासन हाय-हाय”, “खूंटी पुलिस होश में आओ”, “पुलिस की मनमानी नहीं चलेगी” और “राजा साहेब को रिहा करो” जैसे नारे लगाए गए। ग्रामीणों का कहना था कि देवब्रत शाहदेव को साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है, जबकि सोमा मुंडा के असली हत्यारों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।


प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि राजा साहेब हमेशा गरीब और असहाय वर्ग की आवाज रहे हैं। ग्रामीणों का दावा था कि जो राज परिवार मुंडा समाज को अपना बड़ा भाई मानता है, वह जमीन के लिए हत्या जैसी वारदात कर ही नहीं सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर देवब्रत शाहदेव को जल्द रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मंगल मुंडा ने कहा कि राजा साहेब अब तक करीब 45 हजार एकड़ जमीन दान कर चुके हैं। उन्होंने तीन एकड़ जमीन के लिए हत्या के आरोप को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और देवब्रत शाहदेव को निर्दोष करार दिया। वहीं मन्नू साहू ने आरोप लगाया कि खूंटी पुलिस ने साजिश के तहत यह गिरफ्तारी की है। उन्होंने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो पालकोट से खूंटी तक पैदल मार्च निकाला जाएगा और जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।


प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी देवब्रत शाहदेव के समर्थन में आवाज बुलंद की। महिलाओं का कहना था कि राजा साहेब ने स्कूल, कॉलेज और खेल मैदान के लिए हजारों एकड़ जमीन दान दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने सामाजिक कार्य करने वाले व्यक्ति पर छोटी-सी जमीन के लिए हत्या का आरोप लगाना गलत है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest