नामकुम:
नामकुम सीओ पर पंचायत समिति सदस्य अन्नू तिवारी ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। अनु तिवारी ने कहा है कि सीओ कहते हैं कि मुझसे अच्छा संबंध बनाकर रखिए..तो काम होगा वरना कोई काम नहीं आएगा। अंचल अधिकारी विनोद प्रजापति पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए आरा पंचायत समिति सदस्य अनु तिवारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,राज्यपाल रमेश बैस,अध्यक्ष महिला आयोग,उपायुक्त,एसडीओ और एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले पर नामकुम सीओ का कहना है कि उनके द्वारा ऐसी कोई बात नहीं कही गई है। उन्होंने कहा है कि मैं यहां काम करने बैठा हूं। लड़ने झगड़ने के लिए नहीं।

कार्यालय में ग्रामीणों की समस्या को लेकर पहुंची थी पंचायत समिति सदस्य
नामकुम थाना में मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए अनु तिवारी ने कहा कि एक और सरकार महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम चलाकर महिलाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं विनोद प्रजापति जैसे अधिकारी महिलाओं पर अपना रौब झाड़ कर उनके मनोबल को तोड़ते हैं। अनु तिवारी ने बताया कि अंचल कार्यालय में ग्रामीणों की समस्या को लेकर जब वह एक दिन 12 बजे पहुंची,तो अंचलाधिकारी अनुपस्थित थे। इस पर उन्होंने फोन कर पूछा तो कि वह कब आएंगे तो अंचलाधिकारी नाराज होकर उन पर बरस पड़े। अंचल अधिकारी विनोद प्रजापति ने उनसे कहा कि वह उनसे या पूछने वाली कौन होती हैं। उन्हें अधिकार मिला है कि वह अपनी मर्जी से आएंगे और मर्जी से जाएंगे। अगर वह उन से संबंध बनाकर रखेंगे तो उनका काम होगा वरना कोई काम नहीं होगा।शिकायत करने के दौरान भाजपा नेता मुक्ति नाथ मिश्रा अनिरुद्ध पांडे और अशोक मुंडा मौजूद थे।