द फॉलोअप डेस्क
अपनी मांगों को लेकर पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के बैनर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले पंचायत सेवकों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। दरअसल संघ की ओर से समायोजन, मानदेय और प्रोत्साहन राशि को लेकर मांग की जा रही थी। संघ का कहना है विगत 3 वर्षों से वर्तमान सरकार सिर्फ आश्वासन दे रही है। जिसको लेकर झारखंड के विभिन्न जिलों से आए पंचायत सेवक अपनी मांगों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंचाने के लिए उनके आवास का घेराव करने जमा हुए थे। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने उन्हें राजभवन के समीप रोक दिया था। राजभवन के समीप धरना प्रदर्शन के बाद सभी पंचायत सेवक उसी जगह धरना पर बैठ गए।

पत्थरबाजी के बाद हुआ बल प्रयोग
बताया जा रहा है कि काफी देर तक राजभवन के समीप प्रदर्शन के बाद पंचायत सेवकों ने रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेडिंग को गिरा दिया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर सभी को तितर-बितर किया। जानकारी के अनुसार पत्थरबाजी से कई पुलिसकर्मी व पुलिस के बल प्रयोग करने से कई पंचायत सेवक घायल हो गए हैं। घायल पंचायत सेवकों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT