दीपक कुमार/जामताड़ा:
Jharkhand News: जामताड़ा नगर पंचायत (Jamtara Nagar Panchayat) के ठीक बीचों-बीच ऐतिहासिक गांधी मैदान स्टेडियम (Gandhi Maidan Stadium) अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। साल 1999 में बना यह स्टेडियम आज बर्बादी की कगार पर खड़ा है। 'द फॉलोअप' (The Follow Up) की ग्राउंड रिपोर्ट में इस मैदान की जो तस्वीरें सामने आई हैं, वे बेहद चिंताजनक हैं। मैदान में चारों तरफ कूड़े का अंबार लगा है। गंदगी और बदबू ऐसी कि स्टेडियम के पास से गुजरना भी मुश्किल है। स्थानीय लोगों का ऐसा कहना है कि ये महज खेल का मैदान नहीं, बल्कि जामताड़ा के लिए ऐतिहासिक धरोहर है, जिसका संरक्षण जरूरी है।

सुबह-शाम लोग एक्सरसाइज के लिए आते हैं
गौरतलब है कि सुबह और शाम को इस मैदान में शहरवासी जुटते हैं। बुजुर्ग, बच्चे और युवा यहां वॉक और एक्सरसाइज के लिए आते हैं। हालांकि, मैदान वॉक और एक्सरसाइज के लिए सुरक्षित नहीं लगता। एक ओर बजबजाते कूड़े से उठती सड़ांध परेशान करती है तो दूसरी ओर जुआरियों और शराबियों की मौजूदगी आम लोगों को असहज करती है। मैदान काफी उबड़-खाबड़ हो चुका है और शराब की टूटी हुई बोतल से चोटिल हो जाने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत ने ही मैदान को डंपिंग यार्ड बना दिया है।

स्टेडियम में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी नहीं
बदहाली का आलम ऐसा है कि गांधी मैदान स्टेडियम के दोनों छोर पर बने दर्शक शेड जर्जर हो चुके हैं। इनकी छतों पर कचरा और शराब की बोतलों का ढेर लगा है। शुद्ध पेयजल के लिए बनी जलमीनार केवल शोभा की वस्तु रह गई है। टंकी है, लेकिन नल नहीं। यहां अभ्यास के लिए आने वाले खिलाड़ियों को पानी नहीं मिलता। अव्यवस्था और असुरक्षा की वजह से खिलाड़ियों ने भी स्टेडियम से दूरी बनानी शुरू कर दी है। पहले की तुलना में काफी कम लोग यहां आते हैं।

जिला प्रशासन ने शिकायतों पर नहीं किया गौर
स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि इस बदहाली को लेकर कई बार जिला प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नगर पंचायत और जिला प्रशासन की इस अनदेखी के कारण जामताड़ा की यह वर्षों पुरानी धरोहर अपना अस्तित्व खोती जा रही है।
लोगों ने स्टेडियम को संरक्षित करने की मांग की
स्थानीय लोगों की मांग है कि स्टेडियम को संरक्षित किया जाये। यहां कूड़ा फेंकना प्रतिबंधित हो। कचरा साफ करके मैदान को समतल बनाया जाये। स्टेडियम में शौचालय, रोशनी और पेयजल का इंतजाम हो। स्टेडियम को जुआरियों और शराबियों की मौजूदगी से मुक्त कराया जाये। लोगों ने कहा कि स्टेडियम में चाक-चौबंद व्यवस्था होने से शहरवासियों को जॉगिंग, रनिंग, एक्सरसाइज और ट्रेनिंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।