द फॉलोअप डेस्क
हथियार के साथ अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर फोटो वायरल करना जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के युवकों को महंगा पड़ गया। मामले में उलीडीह थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इन तीन युवकों के पास से पुलिस ने दो देसी कट्टा भी बरामद किया है। इस संबंध में मंगलवार को उलीडीह थाना परिसर में थाना प्रभारी के द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि गिरफ्तार युवकों में लक्ष्मणनगर निवासी रितेश सिंह, शांति नगर निवासी अशोक गुप्ता व राज कुमार मुखिया उर्फ राज बच्चा शामिल है। इनके पास से पुलिस ने दो देसी कट्टा और मोबाइल फोन बरामद किया है। आगे बताया गया कि आरोपी युवकों द्वारा क्षेत्र के लोगों को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया जाता था। इसके अलावा युवकों ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी हथियार के साथ फोटो अपलोड किया था। इसके बाद थाना के द्वारा छापेमारी टीम का गठन करते हुए त्वरित कार्रवाई की गयी। जिसके बाद तीनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया गया।
