डेस्क:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज साल 2022 की आखिरी बार 'मन की बात' की। सुबह 11 बजे उनके मासिक रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। इस दौरान पीएम ने साल 2022 की उपलब्धियों का जिक्र किया और आने वाले साल की चुनौतियों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कोरोना को लेकर सावधान रहने की हिदायत भी दी। पीएम ने कहा, 'आप भी देख रहे हैं कि दुनिया के कई देशों में कोरोना बढ़ रहा है। इसलिए हमें, मास्क और हाथ धुलने जैसी सावधानियों का और ज्यादा ध्यान रखना है। हम सावधान रहेंगे, तो सुरक्षित भी रहेंगे और हमारे उल्लास में कोई रुकावट भी नहीं पड़ेगी।'

झारखंड का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा, 'बीते कुछ वर्षों में हमने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी चुनौतियों पर विजय पाई है। इसका पूरा श्रेय हमारे मेडिकल एक्सपर्ट्स, साइंटिस्ट्स और देशवासियोँ की इच्छाशक्ति को जाता है। हमने भारत से स्मॉलपॉक्स, पोलिया और गिनी वॉर्म जैसी बीमारियों को समाप्त करके दिखाया है। सबके प्रयास से, ‘कालाजार’ नाम की ये बीमारी, अब, तेजी से समाप्त होती जा रही है। कालाजार बीमारी की बात करते हुए पीएम ने झारखंड और बिहार का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा, अब केवल झारखंड और बिहार में यह बीमारी मिल रही है। वहां की स्वास्थ्य विभाग इस बीमारी को लेकर अच्छा काम कर रही है। जरा सोचिए, हमारा देश जब ‘कालाजार’ से भी मुक्त हो जाएगा, तो ये हम सभी के लिए कितनी खुशी की बात होगी।'

'नमामि गंगे' को लेकर दुनियाभर में हो रही सराहना
'नमामि गंगे' के बारे में पीएम मोदी ने कहा, 'हमारी परंपरा और संस्कृति का मां गंगा से अटूट नाता है। ऐसे में सदियों से कल-कल बहती मां गंगा को स्वच्छ रखना हम सबकी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है । इसी उद्देश्य के साथ, आठ साल पहले, हमने, ‘नमामि गंगे अभियान’ की शुरुआत की थी ।" हम सभी के लिए यह गौरव की बात है, कि, भारत की इस पहल को, आज, दुनियाभर की सराहना मिल रही है।