logo

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर हमने पूरे बिहार का सम्मान किया, बोले पीएम मोदी

a1036.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, औरंगाबाद:

बिहार के औरंगाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर का जिक्र किया। संबोधन में पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से नवाजने का फैसला किया। यह पूरे बिहार का सम्मान है। उन्होंने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को बहुत पहले यह सम्मान मिलना चाहिए था। हमारी सरकार ने यह पूरा किया। यह बिहार की प्रत्येक जनता का सम्मान है। बता दें कि लोकसभा चुनावों के ठीक बिहार में कर्पूरी ठाकुर का जिक्र कर पीएम मोदी ने बड़ा संदेश दिया है। कर्पूरी ठाकुर बिहार में अतिपिछड़ा समाज के बड़े नेता माने जाते हैं। वह, नाई जाति से ताल्लुक रहने वाले पहले व्यक्ति थे जिन्होंने राजनीति में इतना बड़ा मुकाम हासिल किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। 

23 जनवरी को हुआ था भारत रत्न देने का ऐलान
गौरतलब है कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने 23 जनवरी 2024 को बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का ऐलान किया गया था। खुद प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी। बता दें कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिये जाने का ऐलान करते हुए बिहार की सियासत में हलचल मच गई। क्रेडिट लेने की होड़ भी मची। तब बिहार में महागठबंधन की ही सरकार थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री की तारीफ की थी। लालू प्रसाद यादव ने कर्पूरी ठाकुर को अपना राजनीतिक गुरु बताया था। तात्कालीन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा था कि हमने पहले भी कई बार कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से नवाजने की मांग की थी। बता दें कि उक्त घटनाक्रम के बाद ही नीतीश कुमार के फिर से पाला बदलकर एनडीए में शामिल होने की अटकलें लगाई जाने लगी थी।

 

भारत रत्न के ऐलान के बाद ही नीतीश कुमार ने बदला पाला
28 जनवरी को नीतीश कुमार ने पहले तो गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में इस्तीफा दिया और उसी शाम एनडीए के सीएम के तौर पर शपथ ग्रहण किया। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बिहार में जातीय सर्वेक्षण के आंकड़े जारी होने के बाद बीजेपी ने इसकी काट के रूप में कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का ऐलान किया। इसके बाद नीतीश कुमार ने तेजस्वी या लालू यादव का नाम लिये बिना परिवारवाद पर हमला बोला। कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने कभी अपने परिवार को आगे नहीं बढ़ाया लेकिन अभी कुछ लोग केवल अपने परिवार को ही आगे बढ़ाने में लगे रहते हैं। तभी से कयास लगाये जाने लगे थे कि नीतीश पाला बदल सकते हैं।