logo

विकास विरोधी है झारखंड की इंडि गठबंधन सरकार, मुझे आपका भला करने से रोकती है- प्रधानमंत्री

a728.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, धनबाद:

शुक्रवार को झारखंड के धनबाद पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की गठबंधन सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं में अड़ंगा लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धनबाद और आसपास का इलाका उद्यमियों और श्रमिकों का है। मोदी आपके लिए जो भी योजना बनाता है, इंडि. गठबंधन वाले उसका विरोध करते हैं। उसमें अड़ंगा डालते हैं। कोरोना काल में हमने मुफ्त राशन योजना शुरू की जिसका विरोध किया। इंडी गठबंधन वाले इसे बंद कराना चाहते हैं। गरीब के घर का चूल्हा जलते रहना चाहिए कि नहीं। गरीब का बच्चा पेट भरने के बाद ही सोना चाहिए कि नहीं। गरीब की सेवा मोदी को करनी चाहिए कि नहीं। इंडी गठबंधन वाले दबाव बनाते हैं। कितना भी दबाव बना लें लेकिन मोदी न झुकने वाला है। न हटने वाला है। मुफ्त राशन योजना चालू रहेगी ताकि गरीब के घरका चूल्हा जलता रहा।

 

एक देश एक राशन कार्ड योजना लागू है
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के गरीब भाई-बहन दूसरे राज्यों में रोजगार करने जाते हैं। सीमा पर भी झारखंड के भाई बहन मिल जाते हैं। उनको भी जहां हैं वहीं मुफ्त राशन मिलता रहे उसका भी इंतजाम किया है। एक देश एक राशन कार्ड योजना बनाई। किसी भी प्रदेश में उनको नया राशन कार्ड नहीं बनाना पड़ता। भारत को विकसित बनाने में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होने वाली है। माताओं-बहनों ने बड़ी तादाद में आकर आशीर्वाद दिया। कितना प्यार है। माताओं-बहनों की सेवा की है। बीते 10 वर्षों में टायलेट, गैस कनेक्शन के जरिए बहनों की समस्या का समाधान किया है। उज्जवला की लाभार्थी बहनों को सस्ता गैस सिलेंडर बीजेपी दे रही है। मोदी पानी की समस्या का समाधान करने में जुटा है। इंडि गठबंधन की सरकार इसे भी रोक रही है।

 

जल जीवन मिशन का 50 फीसदी काम भी नहीं हुआ
पीएम मोदी ने धनबाद में कहा कि इतने साल बाद भी झारखंड में जल जीवन मिशन का 50 प्रतिशत काम पूरा नहीं हो पाया है। इंडी गठबंधन सरकार यहां गरीबों के पक्के घर बनाने में भी रोड़े अटका रही है। उसमें भी मलाई खा जाते हैं। इंडी गठबंधन की सरकार विकास विरोधी है। जनता विरोधी है। जनता का हक छीनने के अलावा और कोई विजन नहीं है। मेरी गारंटी है कि आपको सीधा लाभ मिले।